ज्ञानपुर। जिले में गेहूं खरीद की तैयारी शुरू हो गई है। विपणन विभाग ने क्रय केंद्रों का निर्धारण शुरू कर दिया है। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के
क्रय केंद्र तय कर दिए गए हैं। विपणन के छह क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इसी तरह पीसीएफ के चार और एफसीआई का एक क्रय केंद्र बना है। गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू होगी। दूसरी ओर धान खरीद अब भी चल रही है।
जिले के 10 क्रय केंद्रों पर अभी धान खरीद चल रही है कि गेहूं खरीद की तैयारी शुरू हो गई है। गेहूं खरीद के लिए 11 क्रय केंद्रों का निर्धारण विपणन विभाग की ओर से किया गया है। धान बेचने के बाद से पांच रुपये भुगतान के लिए किसान कार्यालय का चक्कर लगाने के लिए विवश हैं। विभागीय अधिकारियों की धड़कन इस बात को लेकर बढ़ी हुई है कि एक सप्ताह बाद शासन से निर्धारित होने वाले गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा होगा या नहीं और धान खरीद की तरह तकनीकी पेच फंसा तो भुगतान के मामले में जलालत भी झेलनी पड़ेगी।
जिला विपणन अधिकारी श्याम कुमार मिश्रा ने बताया कि एक अप्रैल से होने वाले गेहूं खरीद के लिए विपणन के छह, पीसीएफ के चार और एफसीआई के एक केंद्र को निर्धारित किया गया है, जो ब्लॉक अभोली, डीघ, ज्ञानपुर, सुरियावां, औराई और भदोही में खोलने के लिए क्षेत्रीय विपणन अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। केंद्र निर्धारण में किसी तरह की मनमानी पर नजर रखी जा रही है। धान खरीद समापन के सवाल पर कहा कि पूर्व में विभिन्न संस्थाओं के अंतर्गत खोले गए 58 केंद्रों में से 48 को बंद किया जा चुका है। शेष बचे 10 केंद्रों पर तब तक धान की खरीद की जाएगी, जब तक किसान संतुष्ट नहीं हो जाते। अब तक 21 हजार किसानों से 1.195 एमटी धान की खरीदारी कर 19 हजार किसानों के खाते में लगभग 100 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। दो हजार किसानों का पांच करोड़ रुपये बैंकिंग व्यवस्था के कारण लटका है, जिसकी जांच कराकर ऑनलाइन भुगतान करा दिया जाएगा।