जिले के तापमान में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। ठंड भी बढ़ रही है। मंगलवार की रात में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सूर्यास्त होने के बाद लोग ठिठुरने लगे। नौ किमी की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं।
बीते कुछ दिनों से सुबह शाम लगातार गलन में वृद्धि देखी जा रही है। सोमवार की रात गलन इस कदर रही कि लोगों को रजाई ओढ़ने के बाद भी राहत नहीं मिली। मंगलवार को दोपहर तीन बजे के बाद आसमान में बादल दिखे। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री तक और गिरेगा। जिससे ठंड का अहसास होगा। अब कोहरा भी पड़ने लगा है। इससे सफर करना मुश्किल हो गया। विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसम सेहत के लिए नुकसान देह है। अस्पतालों में मौसमी बीमारी के मरीज पहुंचे रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि मंगलवार दिन का तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने 27 नवंबर तक तापमान में दो डिग्री कमी आने की उम्मीद जताई है।