राज्य पोषण मिशन योजना के तहत सोमवार को जिले के तीन ब्लाकों में पांच साल तक के बच्चों का वजन कराकर उनकी सेहत को परखा गया। डीएम की निगरानी के चलते ज्यादातर आंगनबाड़ी केंद्र दुल्हन की तरह सजे रहे। सुबह से ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, आशा से लेकर अन्य अफसर भी केंद्रों पर जमे रहे। डीएम प्रकाश बिंदु ने गोद लिए गांव अछवर से बच्चों का वजन कराकर अभियान का श्रीगणेश किया।
जिलाधिकारी सुबह आठ बजे अछवर प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचे। एक-एक करके कई बच्चों का वजन कराया। उसके बाद डभका गांव के आंगनबाड़ी केंद्रों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि कोई भी बच्चा चिन्हीकरण और वजन कराने से वंचित न रह जाए। नोडल अधिकारी, परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनम सहित अन्य अधिकारी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को गंभीरता से लें।
उन्होंने 10 सितंबर को द्वितीय चरण में सुरियावां, अभोली और भदोही ब्लाक में बच्चों के वजन को लेकर निर्देशित किया। डीएम की सख्ती के चलते सोमवार को ज्यादातर आंगनबाड़ी केंद्रों को सजाया गया था। सुबह से लेकर शाम तक पांच साल तक के बच्चों का वजन कराने के लिए लोग पहुंचते रहे। मुख्य विकास अधिकारी आरपी मिश्रा ने कहा कि सभी ब्लाकों में वजन कराने के बाद बच्चों में कुपोषण और अति कुपोषण तय किया जाएगा।