ज्ञानपुर। भदोही विकास खंड के बौरीबोझ निवासियों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पर लेखपाल के खिलाफ प्रदर्शन करके उनके निलंबन की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने डीएम आर्यका अखौरी को देकर आरोप लगाया है कि युवा कल्याण विभाग ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को उभारने के लिए पायका सेंटर बनाया है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उसी जमीन को हलका लेखपाल की ओर से अपात्रों से सुविधा शुल्क लेकर आवंटन किया जा रहा है। एसडीएम भदोही, तहसीलदार, कानूनगो से शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं की जा रही है, जबकि आस-पास के युवा सुबह-शाम उसी पायका सेंटर पर आकर मेहनत करते हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी भी दी की यदि पायका सेंटर की जमीन पर आवंटन कार्य नहीं रोका जा सका तो ग्रामीण और युवा खिलाड़ी अनशन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में मनोज सिंह, नैनचंद्र बिंद, एस कुमार, राहुल यादव, आरके यादव, डीके यादव, राहुल शर्मा आदि रहे।