मेढ़ी गांव में हुई मारपीट और मड़हा फूंकने के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई मांग को लेकर ग्
- फोटो : BHADOHI
सुरियावां। मेढ़ी गांव में दो पक्षों बीच हुई मारपीट और आगजनी के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई।
मेढ़ी खेल मैदान पर बुधवार को हरिलाल बिंद और अजीत कुमार सिंह के घर के बच्चों के बीच क्रिकेट को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ा कि जमकर मारपीट हो गई। उसी दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के मड़हे को फूंक दिया। जानकारी पर पहुंचे पुलिस बल पर भी तमाशा देख रहे अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया। इससे दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए और जमकर लाठियां चलीं। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया बावजूद इसके तनाव बरकरार रहा। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने चक्काजाम कर सड़क पर आवागमन रोक दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस प्रशासन एक पक्ष से मिलीभगत कर कार्रवाई करने से कतरा रही है और दूसरे पक्ष को न्याय दिलाने की बजाए प्रताड़ित किया जा रहा है। सीओ भदोही भूषण वर्मा ने कहा कि स्थिति पर बराबर नजर रखी जा रही है। पुलिस न्यायपूर्ण ढंग से काम करेगी।