डीघ ब्लॉक के बारीपुर-मठहां समूह पेयजल योजना से दो माह बाद भी जलापूर्ति शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को बारीपुर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि दो दिन में मोटर बदलकर जलापूर्ति सुचारु नहीं की गई तो डीएम का घेराव किया जाएगा।
ग्रामीण शिवमणि विश्वकर्मा ने बताया कि बारीपुर-मठहां समूह पेयजल योजना का मोटर दो माह पूर्व ही जल गया था। शिकायत करने पर जल निगम के कर्मचारी मोटर को बदलने के लिए खोलकर ले गए। इस बीच मोटर ले गए दो माह बीत गए और अब तक दूसरा मोटर नहीं लगाया जा सका है। इसके चलते लोगों पीने के पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि समूह पेयजल योजना से बारीपुर, मठहा समेत आसपास के बाजारों में पाइप लाइन के जरिए जलापूर्ति होती है। लंबे समय से जलापूर्ति ठप होने के कारण लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। घर-घर लगी टोटियां पूरी तरह से सूखी रहती हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि दो दिन में मोटर नहीं बदला गया तो वे डीएम का घेराव करने के लिए विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालों में गोरेलाल, जयसागर विश्वकर्मा, लालबहादुर विश्वकर्मा, शेषधर शुक्ला, विद्या शुक्ला, कंधारी, आत्माराम, रामसागर, दुर्गेश प्रसाद सिंह, संदीप सिंह आदि शामिल रहे। उधर, जल निगम के अधिशासी अभियंता मुजीब अहमद का कहना है कि यह मामला उनकी संज्ञान में नहीं था। जल्द ही जांच कराकर मोटर लगवाया दिया जाएगा। ताकि जलापूर्ति सुचारु हो सके।