ज्ञानपुर/लालानगर। ज्ञानपुर ब्लॉक सभागार में बुधवार को ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्र की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इसमें नए वित्तीय वर्ष में एक करोड़ 25 लाख के विकास कार्यों पर मुहर लगी। राज्य वित्त और मनरेगा से होने वाले कार्यों का प्रस्ताव मांगा गया। जल जीवन मिशन को गांव-गांव प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने कहा कि आने वाले समय में पेयजल संकट एक जटिल समस्या बनेगी। इसलिए जल जीवन मिशन को शत प्रतिशत सफल बनाने की जरूरत है। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य के साथ ही सभी इसमें अपनी भागीदारी निभाएं। डीडीओ ने अनुपस्थित ग्राम प्रधानों और सचिवों को हिदायत दी। कहा कि ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों को प्राथमिकता से कराएं। प्रधानमंत्री आवास, शौचालय संग जल जीवन मिशन को भी पूरा करें। ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्रा ने कहा कि गांव के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रस्तावों पर इंटरलाकिंग, सोलर लाइट, खड़ंजा, रिबोर जैसे महत्वपूर्ण कराए जाएंगे। क्षेत्र पंचायत की बैठक में एक करोड़ 25 लाख के विकास कार्यों का प्रस्ताव पेश किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। ज्ञानपुर बीडीओ उमा देवी ने कहा कि ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों की निगरानी की जाती है। सभी कार्य पारदर्शी ढंग से हों इसका हर संभव प्रयास किया जाता है। बैठक में ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का मानदेय वितरित किया गया। श्रम विभाग की ओर से आयोजित शिविर में सामूहिक विवाह में अधिक जोड़ों को शामिल करने और श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के तहत 200 से अधिक लोगों का फार्म भरा गया। इस मौके पर इंद्रजीत त्रिपाठी, रमेश यादव आदि मौजूद रहे।