ज्ञानपुर। भदोही कोतवाली क्षेत्र के पत्तूपुर डीघ बाबा मंदिर के पास स्थित कुएं में 26 जून को मिले विजय बनवासी के शव मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। बताया कि वहीं के रहने वाले कुछ लोगों ने छेड़खानी करने पर विजय की लाठी-डंडे व ईंट से मारकर हत्या कर दी थी। उसके बाद शव को छिपाने के लिए कुएं में फेंक दिया था। इस मामले में पिता-पुत्र सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि शव मिलने के बाद टीम बनाकर मामले की पड़ताल करायी गई। पता चला कि फत्तूपुर के रया में किसी के यहां बरात आई थी। उसमें कई लोग आए थे। रात में जब लोग सो गए तो विजय ने किसी के साथ छेड़खानी की। इससे नाराज कुछ लोगों ने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। लाठी-डंडे और ईंट से वार करने के कारण विजय बनवासी की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को घसीटकर कुएं में फेंक दिया। इस मामले में आरोपी छोटेलाल निवासी रया, छोटेलाल का पुत्र लक्ष्मण व रामू तथा पताली पुत्र पन्नालाल निवासी श्रीहिरा थाना कपसेठी वाराणसी, अनिल उर्फ नागे पुत्र राजेंद्र बनवासी निवासी काखाखोह विंध्याचल, मिर्जापुर को बुधवार की सुबह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक से गिरफ्तार किया गया। एएसपी के अनुसार एक आरोपी सिंटू पुत्र छोटेलाल निवासी रया अभी फरार है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त किए गए लाठी, डंडे और ईंट को बरामद कर लिया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, एसआई सेतांशु शेखर पंकज, प्रमोद कुमार राय, श्यामजी यादव, शिवनाथ सिंह आदि शामिल थे।