बाहुबली विधायक विजय मिश्र पर संपत्ति कब्जा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने वाले विधायक के धनापुर निवासी रिश्तेदार कृष्णमोहन तिवारी का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में वह मुकदमा दर्ज होने के बाद भी अब तक मकान पर विधायक का कब्जा बने रहने की बात कहते हुए पुलिस-प्रशासन से मकान खाली कराने की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं।
वह वीडियो में कहते सुने जा रहे रहे हैं कि 20 वर्ष से मकान पर कब्जा करने वाले विधायक के लोग और सामान अब भी मकान में पड़े हैं। मुकदमा दर्ज कराने के बाद भी कब्जा हट नहीं पाया है। मेरे मकान में अब भी पहले जैसी ही स्थिति है।
कहा कि पुलिस-प्रशासन को मकान से कब्जा हटवाना चाहिए। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कहा कि पुलिस मकान को ऐसे खाली नहीं करा सकती। मकान पर विधायक का कब्जा होने का ही तो मुकदमा दर्ज किया गया है। मकान खाली कराने की एक कानूनी प्रक्रिया होती है, उसी के तहत कार्रवाई की जाएगी।