चौरी थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवासी हुबराजी देवी ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह को शिकायती पत्र देकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हुबराजी देवी ने आरोप लगाया कि चौरी-ऊगापुर मार्ग पर पुश्तैनी कमरे बने हैं। बताया कि इन कमरों के बंटवारे के बाद तीन कमरा सोमनाथ और तीन कमरा मोतीलाल रामनाथ और रामलाल के हक में पड़ा है। हुबराजी देवी ने बताया कि इन्हीं कमरों में विभिन्न तरह की दुकानों को खोलकर परिवार का भरण पोषण किया जा रहा है।
बताया कि 12 जुलाई की रात लगभग 8 बजे सोमनाथ ने बाहरी लोगों के साथ मिलकर उनके ऊपर हमला कर दिया। बताया कि विरोध करने पर हमलावरों ने उन्हें और मोतीलाल, रामनाथ और रामलाल को एक कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। इस दौरान जाते समय हमलावरों ने धमकी भी दी कि यदि पुलिस से शिकायत करोगी तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। बदमाशों ने यह भी धमकी दी कि उनकी पुलिस में अच्छी जान पहचान है। इसके बाद पीड़ित ने चौरी थाना और 112 नंबर पर शिकायत की लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस नहीं आई। इस दौरान एसपी से पीड़िता ने मांग की है कि इस मामले की जांच कराकर हमलावरों की गिरफ्तारी हो और उन पर मुकदमा दर्ज किया जाए।