वाराणसी-इलाहाबाद रेलमार्ग पर कटका और कछवां स्टेशन के बीच शुक्रवार को इलाहाबाद की ओर जा रही विभूति एक्सप्रेस की चपेट में आने से गाय की मौत हो गई और मलबा फंस जाने से इंजन फेल हो गया। इसके चलते सवा दो घंटे रूट बाधित रहा। मालगाड़ी का इंजन विभूति एक्सप्रेस में जोड़ने के बाद रूट बहाल हुआ। इंजन फेल होने के चलते स्वतंत्रता संग्राम सेनानी समेत पांच ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
शुक्रवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हावड़ा से इलाहाबाद जा रही विभूति एक्सप्रेस के सामने कछवां और कटका स्टेशनों के बीच एक गाय आ गई। इससे गाय की मौत हो गई और मलबा इंजन में फंस गया। इसके बाद इंजन बंद हो गई। तब उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। दो बजे के आसपास वाराणसी से इलाहाबाद जा रही मालगाड़ी को कछवां स्टेशन पर रोका गया। उसके इंजन को निकालकर विभूति एक्सप्रेस में जोड़कर गाड़ी को कछवां स्टेशन पर ले जाकर खड़ा किया गया। इसके बाद 2.37 बजे रूट खुल सका और ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ।
इस दौरान नई दिल्ली से चलकर जयनगर तक जाने वाली 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को माधोसिंह, वाराणसी-इलाहाबाद पैसेंजर को राजातालाब और इलाहाबाद-वाराणसी पैसेंजर को जंगीगंज स्टेशन पर रोक दिया गया था। इसके अलावा मुंबई से चलकर मुजफ्फरपुर तक जाने
वाली पवन एक्सप्रेस और पटना-सिकंदराबाद एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित हुआ। माधोसिंह स्टेशन अधीक्षक उमाकांत तिवारी ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस को 2.15 से 2.37 बजे तक रोकना पड़ा था।