ज्ञानपुर। बेमौसम बारिश से आवक कम होने से सब्जियां महंगी हो गई हैं। बारिश के चलते खेतों में पानी भरने से सब्जियां नष्ट हुई हैं। इसकी वजह से आवक में कमी हुई है जिससे दाम चढ़ गए हैं।
खाद्य तेल, दाल आदि खाद्य सामग्री महंगी होने से लोग वैसे ही परेशान थे। अब सब्जियां महंगी होने से किचन का बजट गड़बड़ हो गया है। इन दिनों बैंगन, भिंडी, पालक, शिमला मिर्च, खीरा के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। पखवारे भर पहले पालक 15 रुपये प्रति किलो था जो बढ़कर 30 रुपये किो हो गया है। इसी प्रकार टमाटर 10 से बढ़कर 20 रुपये, शिमला मिर्च 40 से बढ़कर 100 रुपये किलो पहुंच गया है। नेनुआ, करैला के दाम भी चढ़े हैं। सब्जी के थोक विक्रेता पवन मौर्या ने बताया कि बारिश के कारण स्थानीय स्तर से सब्जियों की आवक कम हो गई है, जिससे दाम बढ़ गए हैं। दुकानदार दिनेश, राकेश, सोनू ने बताया कि डीजल के दाम में लगातार हो रही वृद्धि से परिवहन का खर्च बढ़ गया है। इसके अलावा पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के चलते ज्यादातर हरी व अन्य सब्जियां खेतों में नष्ट हो गई हैं। जिससे सब्जी के कीमत में बढ़ोत्तरी आई है।
वर्तमान में भिंडी 30, परवल 80, शिमला मिर्च 100, बोड़ा 40, करैला 30, टमाटर 20, हरा मिर्च 30 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। वहीं मूली 60, बैंगन 40, लौकी 20, कोहड़ा 20, अदरक 80, पालक 30, गाजर 40, खीरा 40, चुकंदर 40, हरी धनिया पत्ती 100 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही है।