ग्रामीण क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत सड़कें खोदी गई हैं। इन्हें दुरुस्त करने के लिए एक अक्तूबर से रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्र में टूटी सड़क का फोटाे और वीडियो जल सारथी एप पर अपलोड कर शिकायत कर सकते हैं। जिसे जल निगम की तरफ से सही कराया जाएगा। 10 नवंबर तक सड़कें दुरूस्त न होने पर संंबंधित इंजीनियर पर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में घर-घर तक शुद्ध जल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन योजना की 350 से अधिक परियोजनाओं पर काम चल रहा है। करीब 150 से अधिक परियोजना पूर्ण हो चुकी है जबकि शेष पर काम चल रहा है।
पाइपलाइन बिछाते समय कई गांव में ग्रामीण एवं मुख्य सड़कें खराब हो गई। अभियान के तहत जिले में 72 किमी लंबी सड़काें को दुरुस्त कराने का लक्ष्य रखा गया है। जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता राजबली ने बताया कि गांवों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाई गई, जिसके लिए सड़कों को तोड़ा गया। इन सड़कों को दुरुस्त करने के लिए वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान एक अक्तूबर से 10 नवंबर तक चलेगा।
इसके लिए सड़कों को चिह्नित भी किया जा रहा है। यदि किसी गांव की सड़क पाइपलाइन बिछाने के बाद दुरुस्त नहीं हुई है तो जल सारथी एप के माध्यम से फोटो और वीडियो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सड़क के मरम्मतीकरण की कार्रवाई की जाएगी। प्राप्त शिकायतों की निगरानी उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से की जा रही है। ग्रामीण मोबाइल में जल सारथी एप इंस्टाल कर वीडियो और फोटो अपलोड कर शिकायत कर सकते हैं।