ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा मंगलवार से शुरू होगी। इसके लिए सोमवार को देर रात तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया। कर्मचारी सीटिंग प्लान और सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे। 83 परीक्षा केंद्रों पर सुबह आठ बजे से परीक्षा शुरू होगी। हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में कुल 54 हजार 455 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के मद्देनजर प्रशासन की ओर से जिले को तीन जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा की तैयारी वैसे दो माह पूर्व से ही चल रही है लेकिन पूर्व संध्या पर उसको अंतिम रूप दिया गया। सोमवार को ज्ञानपुर के जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, इंद्रावती बिंद इंटर कॉलेज गिरधरपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, गोपीगंज के गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज में कर्मचारी सीटिंग प्लान लगाने के साथ ही सीसीटीवी आदि की व्यवस्थिति करते रहे। जीआईसी में प्रधानाचार्य प्रेमचंद्र यादव ने कक्ष निरीक्षकों और कर्मचारियों संग बैठक कर आवश्यक निर्देश दिया। 83 केंद्रों पर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तीनों एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट और 11 जिलास्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके अलावा वित्तविहीन परीक्षा केंद्रो पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लगाए गए हैं। हाईस्कूल में 15 हजार 594 छात्र जबकि 14 हजार 465 छात्राओं समेत कुल 30 हजार 159 परीक्षार्थी शामिल होंगे जबकि इंटरमीडिएट में कुल 24 हजार 290 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ढाई हजार कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र के आसपास 200 मीटर में कोई भी फोटोस्टेट की दुकान नहीं रहेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार चौरसिया ने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी ढंग से कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकार्डर से एनआईसी कक्ष में बैठकर एक- एक केंद्र की निगरानी होगी।
वार रूम और कंट्रोल रूम से मॉनीटरिंग
ज्ञानपुर। बोर्ड परीक्षा की आनलाइन मानीटरिंग की जाएगी। इसके लिए कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में वार रूम बनाया गया है। जिससे एक-एक केंद्रो की हकीकत देखी जाएगी। इसे देखने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। वार रूम के नंबर 05414- 250110, 250114 पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक फोन कर सूचनाएं दी जा सकेंगी। इसी तरह डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बना है। जिसके नंबर 250364 पर सुबह सात से शाम छह बजे तक सूचनाओं का आदान-प्रदान होगा। दोनों पाली के लिए कंट्रोल रूम प्रभारी बनाए गए हैं।
ड्यूटी से कतरा रहे बेसिक के कक्ष निरीक्षक
ज्ञानपुर। बोर्ड परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगे बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी से कतरा रहे हैं। कई परीक्षा केंद्र प्रभारियों की ओर से विभाग को सूचित किया गया कि कक्ष निरीक्षक आईडी लेने के लिए नहीं आए। डीआईओएस ने बीएसए को पत्र लिखकर निरीक्षकों को ड्यूटी के लिए भेजने का निर्देश दिया। कहा कि बोर्ड से प्रतिदिन सूचना मांगी जा रही है। लापरवाही बरतने पर उनके खिलाफ शिकायत की जाएगी।
बोर्ड ने परीक्षार्थियों के लिए भेजा सुझाव
ज्ञानपुर। 18 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कई सुझाव भेजे हैं। जिनमें परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र, रजिस्ट्रेशन कार्ड, संभव हो तो आधार कार्ड, जामेट्री बाक्स, साधारण घड़ी और पानी का बोतल। अध्ययन सामग्री, गाइड, चिट, मोबाइल, हेडफोन, इलेक्ट्रानिक सामग्री को लेकर न आएं। परीक्षा के समय छात्र-छात्राएं पूरी नींद और संतुलित आहार लें। तनावमुक्त होकर परीक्षा केंद्र पर जाएं। परीक्षा के समय प्रश्नपत्र को कम से कम 15 मिनट तक पढ़ें। सीटिंग प्लान के अनुसार बैठें, कैमरे या वायस रिकार्डर की तरफ न देखें।
29 फरवरी तक बंद रहेंगे विद्यालय
ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर जिले के ऐसे विद्यालय, जो परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं, उनमें 18 से लेकर 29 फरवरी तक अवकाश रहेगा। साथ ही उनके शिक्षक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी निभाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक चौरसिया ने सोमवार को विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को यह निर्देश जारी करते हुए कहा कि केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी के लिए लगाए गए शिक्षकों को समय पर कार्यमुक्त कर दें।