ज्ञानपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से संचालित बोर्ड परीक्षा की तिथि अभी भले ही स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन शिक्षा विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। जिले के 92 केंद्रों पर होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए 2130 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज समेत सभी 92 केंद्रों के लिए कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। ड्यूटी पर लगाए गए सभी कक्ष निरीक्षकों को जरूरी प्रपत्र भरने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 92 अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है।
बोर्ड परीक्षा नकलविहीन व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले को तीन जोनों और 10 सेक्टरों में बांटा गया है। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी वैसे तो छह माह पूर्व से चल रही है, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के चलते दो बार परीक्षा की तिथि बदली जा चुकी है। पहले 25 अप्रैल और बाद में आठ मई से परीक्षा शुरू किए जाने की तिथि तय की गई, लेकिन संक्रमण बढ़ने के कारण एक बार फिर परीक्षा को 18 मई के बाद कराने का निर्णय लिया गया है। परीक्षा को पारदर्शी ढंग से कराने के लिए प्रशासन से लेकर शिक्षा विभाग तक तैयारी में जुटे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से 92 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा के लिए 2130 कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर लगाए गए हैं। इसमें करीब 900 बेसिक शिक्षा और 1230 माध्यमिक शिक्षा से जुड़े लोग शामिल हैं। विभाग की ओर से केंद्रों पर तैनात होने वाले कक्ष निरीक्षकों को केंद्रों का आवंटन भी कर दिया गया है। सभी केंद्रों पर 92 अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। जिले को तीन जोनों और 10 सेक्टरों में बांटा गया है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 53 हजार 275 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिसमें हाईस्कूल की परीक्षा में जहां 15,020 बालक और 13,343 बालिकाएं शामिल हैं, वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में 13,190 बालक व 11,721 बालिकाएं शामिल होंगी। इस बारे में जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक चौरसिया ने बताया कि 92 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। कक्ष निरीक्षकों का चयन भी हो चुका है। सभी कक्ष निरीक्षकों को जरूरी प्रपत्र भरने के लिए निर्देश दिए गए हैं।