पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी। स्रोत पुलिस
कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने शुक्रवार देर रात माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पास मुठभेड़ के दौरान दो अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई में भर्ती कराया गया।
दोनों आरोपी ग्राहक सेवा केंद्र से 4.80 लाख रुपये की चोरी के मामले में वांछित थे। उनके पास से अवैध हथियार, हेरोइन, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
माधोसिंह गांव निवासी अंशु बरनवाल ने 12 जुलाई को औराई कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 11 जुलाई की रात उनके एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र की जाली तोड़कर 4.80 लाख रुपये चोरी कर लिए गए।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पास मौजूद हैं।
पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में इमरान निवासी समर गार्डन कॉलोनी, फूटा रोड, लिसाड़ी गेट, मेरठ और शाकिर उर्फ अंडा निवासी दरबार मोहल्ला, इंचौली, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों के पास से दो तमंचे, दो कारतूस, 4.84 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन और 3,600 रुपये नकद बरामद हुए हैं। दोनों के खिलाफ विभिन्न जिलों में आठ से दस आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है।