फत्तुपुर में शनिवार सुबह कालीन निर्यातक के बेटों की ओर से चलाई गईं गोलियों से दो बंदरों की मौत हो गई। एक बंदर के शव को ठिकाने लगाने का भी प्रयास किया गया, लेकिन मामला खुल गया। पुलिस ने दोनों पर मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे की तलाश की जा रही है।
फत्तूपुर में ईस्टर्न कालीन निर्यातक कंपनी के मालिक अब्दुल कलाम अंसारी हैं। उनके दो बेटों ने शनिवार को एयर गन से गोलियां चलाईं, जो बंदरों को जा लगीं। इसमें बंदरों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दो बंदरों की मौत की सूचना मिली थी। एक का शव मिला है। दूसरे का शव ढूंढा जा रहा है। बंदर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
सूचना पर वन विभाग भी हरकत में आ गया। प्रभागीय वनाधिकारी आलोक सक्सेना ने बताया कि निर्यातक के दोनों बेटों के खिलाफ तहरीर दी गई है। कोतवाली इंस्पेक्टर सीके पुरी ने बताया कि बुलंद अख्तर और मोहतसिम अंसारी के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9/51 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बुलंद को गिरफ्तार कर लिया।