लालानगर/चौरी। जिले के दो अलग-अलग थानाक्षेत्रों में शुक्रवार की रात दो विवाहिता की अबूझ हाल में मौत हो गई। दोनों के शव कमरों में फंदे से लटके मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौरी के बरैला और गोपीगंज के कसिदहां गांव में घटना हुई।
पहली घटना चौरी थाना क्षेत्र के बरैला गांव में हुई। जहां मायके में रह रही संध्या देवी (22) की शुक्रवार की रात में संदिग्ध हाल में मौत हो गई। उसका शव दुपट्टे से लटका मिला। बताया जाता है कि संध्या का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व पड़ोसी गांव निवासी पीयूष कुमार प्रजापति के साथ हुआ था। विवाह के बाद दोनों हंसी-खुशी जीवन भी व्यतीत कर रहे थे। जून में संध्या एक शादी कार्यक्रम में गई थी और 28 जून को मायके बरैला आ गई। पुलिस के साथ पहुंची फोरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई यह स्पष्ट नहीं हो सका।
दूसरी घटना गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के कसिदहां में हुई। यहां प्रीती गौड़ (27) पत्नी रंजन गौड़ का शव गाडर के चूल्ले में लटका मिला। परिवार वालों के मुताबिक प्रीति रात में खाना खाने के बाद बच्चों सहित कमरे में सोने चली गई। सुबह देर होने पर जगाने का प्रयास किया गया लेकिन दरवाजा नहीं खुल सका। अनहोनी की आशंका होने पर किसी तरह दरवाजा खोलवाया गया तो उसका शव लटक रहा था। मृतका तीन नाबालिग पुत्रियों की मां भी बताई गई है। थानाध्यक्ष चौरी सूर्यभान, कोतवाल गोपीगंज कृष्णानंद राय का कहना रहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण सामने आएगा।
पति-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज
गोपीगंज। कसिदहां गांव में शुक्रवार की रात अबूझ हाल में प्रीति गौड़ की मौत के मामले में पिता पखंडू निवासी सरईंमिश्रानी की तहरीर पर पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया। पिता ने आरोप लगाया कि प्रीति की शादी नौ वर्ष पूर्व किया और उपहार स्वरूप सामान भी दिया, लेकिन ससुराल पक्ष दहेज में मोटरसाइकिल न देने पर परेेशान किया जाता था।