सुरियावां/दुर्गागंज। पट्टी बेजांव गांव में मंगलवार को तालाब में नहाते समय डूबने से दो दोस्तों की मौत हो गई। तालाब में डूब रहे नितेश गौतम (13) को बचाने के लिए उसका दोस्त राम गौतम (14) भी तालाब में कूद गया।
गहरे पानी में जाने के कारण दोनों की मौत हो गई। दो घंटे बाद दोनों के शव को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर सुरियावा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पट्टी बेजांव गांव निवासी नितेश गौतम (13) और उसका दोस्त राम गौतम (14) घर से कुछ दूर स्थित तालाब के पास खेलने के लिए गए थे। इस दौरान बारिश होने लगी। दोनों इसी दौरान तालाब में नहाने लगे। इस बीच नितेश का पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में डूबने लगा। उसे डूबता देख राम गौतम उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा। तालाब में पानी अधिक होने के कारण दोनों डूबने लगे। दोनों को डूबता देखकर उनके साथ खेल रहे अन्य बच्चे उनके घर पहुंचकर घटना की जानकारी दिए। जब तक घर के लोग तालाब के पास पहुंचते तब तक दोनों डूब चुके थे। सुरियावां थानाध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हुई। शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।