रबी बोआई के सीजन में कृषि महकमा अलर्ट मोड में है। ओवररेटिंग की शिकायत पर बृहस्पतिवार की सुबह जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडेय खमरिया पहुंच गए। औराई, खमरिया, असनांव और ज्ञानपुर में करीब 10 दुकानों की जांच-पड़ताल की। जरूरी अभिलेख न प्रस्तुत करने पर दो दुकानों का लाइसेंस निलंबित कर दिया, जबकि एक को नोटिस जारी किया। चेतावनी दी कि निर्धारित रेट पर खाद-बीज की बिक्री नहीं की गई तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गेहं की बोआई शुरू हो गई है। सहकारी समितियों और इफको के केंद्रो पर जहां डीएपी के लिए भीड़ लग रही है वहीं राजकीय कृषि बीज भंडार पर अनुदानित बीज लेने के लिए किसान पहुंच रहे हैं, लेकिन अब तब भी किसानों को निजी दुकानों का सहारा लेना पड़ रहा है। कुछ दुकानदार तय रेट से अधिक कीमत लेने का प्रयास करते हैं। किसानों को दिक्कत न हो इसलिए डीएम विशाल सिंह के निर्देश पर इसकी जांच के लिए टीम गठित की गई है।
बुधवार की रात में एक किसान ने खमरिया में दुकान पर खाद-बीज की अधिक कीमत लेने की शिकायत की। बृहस्पतिवार की सुबह कृषि अधिकारी टीम के साथ खमरिया पहुंचे। जहां ओवररेटिंग की बात सही नहीं निकली, लेकिन जरूरी अभिलेख आदि न प्रस्तुत करने पर मौर्य खाद-बीज भंडार और किसान सेवा केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर दिए। जबकि ज्ञानपुर में मौर्य बीज भंडार को नोटिस जारी किया।
उन्होंने निजी दुकानदारों को अल्टीमेटम दिया कि अगर किसानों को परेशान किया गया तो वह कार्रवाई के दायरे में आएंगे। किसानों से कहा कि अगर कहीं दिक्कत हो तो वह कंट्रोल रूम के नंबर 7800341675 पर फोन कर सकते हैं, जिसका निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीएपी के अलावा नैनो डीएपी, एनपीके और ट्राई सुपर फास्फेट, सिंगल सुपर फास्फेट का भी उपयोग किसान भाई करें। यह डीएपी से बहुत अच्छा विकल्प है, जो फसल और मृदा स्वास्थ्य दोनों के लिए लाभदायक होगा।