डीएम प्रकाश बिंदु ने शनिवार को कई विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिना सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित मिलने पर प्राथमिक विद्यालय मूसी की दो सहायक अध्यापिकाओं को निलंबित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र चकटोडर पर कर्मचारी के अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
शनिवार को सुबह 10 बजे जिलाधिकारी निरीक्षण के दौरान सर्व प्रथम प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय जोरईं पहुंचे। यहां स्थिति ठीकठाक मिलने पर प्राथमिक विद्यालय समही और मूसी गए। मूसी में एक अध्यापक की भूमिका निभाते हुए श्यामपट्ट पर सवाल लिखकर बच्चों से पूछा। बच्चों ने भी जिलाधिकारी से अपनी बात कही। डीएम ने प्राथमिक विद्यालय मूंसी के सहायक अध्यापक आशा कुमारी और तनुजा को विद्यालय से अनुपस्थित मिलने पर निलंबित कर दिया। आंगनवाड़ी केन्द्र जोरई और मूंसी पर ताला बंद देख डीएम नाराज हो गए। सुपरवाइजर, सीडीपीओ, कार्यकर्ता, सहायिका के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जोरई में कर्मचारी सुरेंद्र बिंद के अनुपस्थित मिलने पर वेतन रोकने का आदेश दिया।