घोसिया। औराई थाना क्षेत्र के राजमार्ग नटवां के पास मंगलवार को दो ट्रकों के टक्कर में चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों चालकों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
आस-पास के ग्रामीणों ने बताया कि एक चालक सुबह लगभग 10 बजे ट्रक को नटवां के पास राजमार्ग के किनारे खड़ा कर नीचे खाना बना रहा था। उसी समय वाराणसी की ओर आ रहे दूसरे ट्रक के चालक ने पीछे से टक्कर मार दिया। टक्कर जबरदस्त होने के कारण खाना बनाने वाला चालक घायल हो गया। साथ ही टक्कर मारने वाला चालक सूरजभान (50) पुत्र जगरनाथ निवासी रसूलाबाद-कानपुर केबिन में फंसकर कराहने लगा। घटना की सूचना औराई थाने पर देने पर पहुंची पुलिस ने खाना बनाने वाले चालक को जिला अस्पताल भेजकर सूरजभान को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चोट अधिक लगने से चालकों की हालत नाजुक बनी रही। खाना बनाने वाले चालक का नाम और पता नहीं चल सका। प्रभारी निरीक्षक औराई वीपी सिंह ने बताया कि इस मामले में किसी की ओर से तहरीर नहीं मिली है।