फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, पेशी के बाद एक भागा

विज्ञापन
विज्ञापन
औराई (भदोही)। कोतवाली क्षेत्र में रविवार की देर रात लगभग तीन बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें 25 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय वांछित शिवम भारतीय व मोनू तिवारी निवासी प्रयागराज को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शिवम भारतीय के बाएं पैर में गोली लगी है। उधर, शाम चार बजे सिविल जज अनामिका चौहान की कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस की गाड़ी में बैठते समय आरोपी शिवम चकमा देकर भाग गया। देर रात तक उसका पता नहीं चल सका था। एसपी का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, औराई पुलिस व एसओजी टीम रविवार की रात उगापुर नहर पुलिया से लगभग 100 मीटर ज्ञानपुर की ओर संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राह चलते लोगों से मोबाइल छिनैती करने वाले गिरोह के कुछ सदस्य सक्रिय हैं। वे किसी घटना को अंजाम देने के लिए उगापुर नहर की तरफ मौजूद हैं। पुलिस ने उनकी घेराबंदी की। इस बीच बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अभियुक्त शिवम भारतीय निवासी पीरकाजी, फूलपुर, प्रयागराज के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई भेजा गया। वहीं, उसके साथी मोनू तिवारी निवासी महाराज की चकिया, थरवई, प्रयागराज को भी गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से तमंचा 315 बोर, एक कारतूस, एक खोखा बरामद हुआ है। दोनों ने आठ नवंबर को माधोसिंह के पास एक व्यक्ति से मोबाइल की छिनैती का प्रयास किया था। विरोध में चाकू से हमला कर घायल भी कर दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और काले रंग की बिना नंबर प्लेट की बाइक भी बरामद की है। मुठभेड़ में घायल अभियुक्त शिवम भारतीय पर भदोही, प्रयागराज सहित अन्य जनपदों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें