ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण की गड़बड़ी में सुधार के लिए परिषद ने एक और मौका दिया है। 29 दिसंबर की रात 12 बजे तक बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in खुली रहेगी। प्रधानाचार्य लॉगिन कर 10वीं-12वीं के परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरण जैसे विषय/वर्ग, छात्र के नाम, माता-पिता के नाम में वर्तनी त्रुटि और कक्षा-11 के पंजीकरण में अंकित हाईस्कूल के त्रुटिपूर्ण अनुक्रमांक को संशोधित कर सकते हैं।
जिले में कुल 193 राजकीय, वित्तपोषित और वित्तविहीन माध्यमिक और इंटर कॉलेज संचालित हैं। जुलाई से ही नौवीं, 11वीं का पंजीकरण और 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा के फाॅर्म भरे जा रहे हैं। अगस्त और सितंबर में दो बार फाॅर्म भरने की तिथि बढ़ाई गई। इससे करीब-करीब सभी विद्यार्थियों ने फाॅर्म भर लिए हैं। अक्तूबर और नवंबर में बोर्ड ने फाॅर्म में संशोधन के लिए परिषद की वेबसाइट को खोला था, हालांकि काफी संख्या में विद्यार्थी संशोधन नहीं कर सके। अब परीक्षा केंद्रों का निर्धारण भी हो चुका है। फरवरी में होने वाली परीक्षा से पहले परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को शैक्षिक विवरण में संशोधन करने का अंतिम मौका दिया है। डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि परिषद ने 29 दिसंबर तक संशोधन का मौका दिया है। छह तरह के संशोधन करवाए जा सकेंगे। विद्यार्थी के नाम, पिता या माता के नाम की वर्तनी में त्रुटि होने पर उसे सुधारा जा सकेगा। इसके अलावा विषय या वर्ग में, जेंडर, जाति, फोटो और कक्षा-11 के पंजीकरण में अंकित हाईस्कूल के त्रुटिपूर्ण अनुक्रमांक में संशोधन किया जा सकेगा। यह प्रक्रिया प्रधानाचार्य के जरिये होगी। उसके बाद संशोधन किया जा सकेगा।