ज्ञानपुर। जिले में कोरोना संक्रमण अब दिन प्रतिदिन कम होता जा रहा है। हर दिन मिलने वाले मरीजों की संख्या भी दो तीन पर रुकी हुई है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के जांच रिपोर्ट में मात्र दो संक्रमित मरीज मिले है। राहत की बात यह है कि किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। एक्टिव मरीज की संख्या 28 तक आ गई है।
जिले में कोरोना वायरस के मरीजों के मिलने का सिलसिला अभी जारी है। हालांकि कई दिनों से कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से घट रही है। रिकवरी दर भी बढ़ी है। फिर भी बचाव व सतर्कता के साथ कोरोना मुक्त जिला बन सकता है । शुक्रवार को दो नए संक्रमित मरीज मिलने से अब कुल संक्रमितों की संख्या 7382 हो गई है, जबकि 7188 लोग ठीक हो चुके हैं। 28 लोग अभी भी कोरोना संक्रमण से लड़ रहे हैं। वहीं पिछले साल से अब तक 151 लोगों की जिंदगी कोरोना ने छीन ली है। इसके बावजूद भी लोग कोरोना गाइड लाइन के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। सड़कों पर बिना मास्क लगाए ही घूम रहे हैं। जिससे संक्रमण पूरी तरह से थम नहीं रहा है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखकर इलाज किया जा रहा है। संक्रमितों का आंकड़ा अब लगातार घट रही है। कोरोना संक्रमण से खुद का बचाव करें। मास्क लगाएं व दो गज की शारीरिक दूरी का पालन करें। संक्रमण को लेकर अभी भी बहुत एहतियातन बरतने की जरूरत है।