ज्ञानपुर। जिले में प्री मानसून बारिश की शुरूआत हो गई है। शुक्रवार को शाम छह बजे से एक घंटे हुई तेज बारिश से कई स्थानों पर जलजमाव हो गया। उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। धान की नर्सरी के लिए बारिश काफी फायदेमंद है।
ताउते और यास तूफान के बाद विशेषज्ञ से लेकर किसान मानसूनी बारिश को लेकर काफी चिंतित थे, लेकिन इस बार मानसून करीब आठ से 10 दिन पूर्व ही जिले में पहुंच रहा है। जून के शुरूआत से ही हर एक दिन के अंतराल पर क्षेत्रवार रिमझिम बारिश हो रही है। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। शाम होते ही गरज-चमक के साथ ही एक घंटे तेज बारिश हुई। इससे ज्ञानपुर, गोपीगंज, सुरियावां समेत अन्य बाजारों के कई मोहल्लों में पानी भर गया। नालियां की सफाई न होने से घंटे भर की बारिश ने नगर पालिका और नगर पंचायत की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। दो दिन से पड़ रही गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने बारिश से राहत की सांस ली। उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने कहा कि बारिश धान की नर्सरी के लिए फायदेमंद है। इससे नर्सरी तेजी से विकसित होगा। मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि 22 जून तक आने वाला मानसून इस बार 12 से 13 जून तक ही जिले में पहुंच जाएगा।