ट्रक की चपेट में आने से दो भाइयों की मौत
थानाक्षेत्र के रोटहां गांव के समीप शुक्रवार को दोपहर में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक युवक बच गया। मृतक भदोही के उमरी गांव का निवासी थे। घटना की खबर लगते ही घर में कोहराम मच गया। सभी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने चालक और ट्रक को हिरासत में ले लिया। भदोही के उमरी गांव निवासी मुक्तार दलित (44) अपने भाई फौजदार (40) के साथ बृहस्पतिवार को ससुराल चौरी के गोरई रामपुर गया था। शुक्रवार को दोपहर बाद मुक्तार का साला अरूण बाइक से दोनों भाइयों को उमरी छोड़ने के लिए चला।
रोटहां के समीप पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे अंनियंत्रित बाइक गिरने से मुक्तार और फौजदार ट्रक के नीचे चले गए। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अरुण दूर गिरने से बाल-बाल बच गया। वहीं खबर लगते ही एसओ महेंद्र यादव फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। घायलों को अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। अरुण ने उमरी और अपने घर फोन की घटना की खबर दी।
जैसे ही खबर लगते मृतक मुक्तार के ससुराल और उमरी से लोग वहां पहुंच गए। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया। ट्रक गुड़ लादकर जौनपुर से वाराणसी जा रहा था । सीओ सुशील कुमार सिंह ने कहा कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।