गोपीगंज। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो लखनऊ की टीम ने बुधवार को लालानगर स्थित टोलप्लाजा के पास ट्रक में लदी 45 किलोग्राम अफीम के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही ट्रक को सीज कर दिया गया। बरामद अफीम की कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों राजमार्ग पर पशु और मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ गई है। एक के बाद एक शिकायतों ने पुलिस प्रशासन की नींद हराम कर दी है। इसकी भनक राजधानी में बैठे अधिकारियों को भी लग चुकी थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने एक खाली ट्रक को रोककर जब तलाशी शुरू की तो 45 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार कुलदीप सिंह और राणा सिंह निवासी पंजाब ने बताया कि वे दोनों उक्त अफीम को ट्रक पर लादकर झारखंड से दिल्ली ले जा रहे थे। टीम ने गिरफ्तार दोनों आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। अफीम और ट्रक को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। गोपीगंज कोतवाल कृष्णानंद राय ने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने बरामद अफीम और ट्रक को सुपुर्द कर आरोपियों को लखनऊ ले गई।