थाना क्षेत्र में शनिवार की रात पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हुई। जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर जिबराइल उर्फ गूंगे और उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया।
जिबराइल वाहन चोरी और पशु तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त था। हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जेल भेजा गया।
महाकुंभ को लेकर हाइवे पर सतर्कता बढ़ी है। शनिवार की देर शाम पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बसही नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देख आरोपी भागने लगे और फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसमें जिबराइल के बाएं पैर में गोली लगी। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई।
पुलिस ने उसके एक सहयोगी रंजीत यादव निवासी कठार बरसठी जौनपुर को भी पकड़ा। दोनों आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे (315 बोर) और चार कारतूस बरामद किए। वहीं मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। अभियुक्त जिबराइल थाना गोपीगंज का हिस्ट्रीशीटर है और कई मामलों में वांछित था।
वह वाहन चोरी के बाद चोरी के वाहनों से पशु तस्करी करता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की। दोंनो के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महाकुंभ को लेकर बॉर्डर पर कड़ी चौकसी है। रात में चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार हुए हैं।