महाकुंभ में वसंत पंचमी के अमृत स्नान को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिले में रविवार को एंट्री पॉइंट से लेकर अन्य स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस टीमें सतर्क रहीं। संदिग्ध वाहनों की जांच के बाद ही आगे के लिए भेजा गया।
हालांकि मौनी अमावस्या के सापेक्ष वाहनों की संख्या करीब तीन गुना तक घट गई है। उस दौरान 24 घंटे में 34 से 40 हजार वाहन गुजरे जबकि वसंत पंचमी की पूर्व संध्या पर 24 घंटे में करीब 14 हजार वाहन प्रयागराज की तरफ गए।
मौनी अमावस्या के अमृत स्नान पर प्रयागराज में हुए हादसे के बाद जिला प्रशासन अलर्ट है। वसंत पंचमी स्नान पर्व के पहले ही डीएम विशाल सिंह ने मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है।
प्रयागराज से नजदीक का जिला होने और प्रयागराज, वाराणसी और मिर्जापुर की सीमाओं से लगने के कारण जिले में विशेष तौर पर नजर रखी जा रही है।
खासकर हाईवे के एंट्री और एक्जिट पॉइंटों पर पुलिस और पैरामिलिट्री की चौकसी के साथ मजिस्ट्रेट भी नजर बनाए हुए हैं। वसंत पमंची की पूर्व संध्या पर रविवार को दिनभर हाईवे पर यातायात सामान्य रहा।
लालानगर टोल प्लाजा के पास वाहनों को विशेष तौर पर चेकिंग की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ऊंज से लेकर झूंसी तक चक्रमण कर सुरक्षा का जायजा लिया।