ताले टूटने की खबर दूकानदारों को सुबह मिली तो वे सन्न रह गए। आठ दूकानदारों से तहरीर मिलने के बाद रजपुरा चौकी की पुलिस ने मौके का मुआयना कर छानबीन शुरू कर दी।
उधर एक ही रात आठ दूकानों से चोरी की घटना से दूसरे दूकानदार भी सहम गए हैं।
रजपुरा चौराहे से 50 मीटर दूर मिर्जापुर की ओर एक लाइन से अगल-बगल आठ दूकानें स्थित हैं।
इनमें चार मोबाइल, एक जूता, एक जेनरेटर, एक सीमेंट और एक पान की दूकान है। चोरों ने बुधवार की रात मौका पाकर सभी दूकानों के शटर के ताले तोड़ डाले।
दूकानदार विमलेश यादव ने बताया कि उसकी दूकान से लैपटाप, चार्जर, ई-टाप, तीन मोबाइल, सिमकार्ड समेत लगभग 50 हजार के सामान चोरी हुए हैं।
दूकानदार धर्मेंद्र कुमार मौर्य की मानें तो उसकी मोबाईल शॉप से चार मोबाइल, पांच चार्जर, दो मेमोरी कार्ड, 10 सिम कार्ड, एक हार्ड डिस्क, 100 जीबी रैम, तीन हजार के कूपन, एक मॉडम और छह हजार नगद चोरी गए हैं।
राजेश कुमार और राकेश कुमार मौर्य के अनुसार उसके 18 मोबाइल, 20 मेमोरी कार्ड, पेन ड्राइव, मोबाइल पार्ट्स, आठ मोबाइल चार्जर, 35 सौ रुपये नगद और महेश मौर्य ने बताया कि एक मॉडम और तीन हजार रुपये नगद चोरी हो गए हैं।
जबकि प्रभाकर मौर्य के जूते की दूकान से चार जोडी जूते सहित चार हजार नगद पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। सीमेंट विक्रेता सोनू यादव, जेनरेटर विक्रेता पीएन सिंह और पान विक्रेता जयप्रकाश उमर की दूकानों के ताले भी चोरों ने तोड़ दिए, लेकिन इन दूकानों से सामान नहीं ले गए।
बृहस्पतिवार को पीड़ित दूकानदारों ने कोतवाली में तहरीर दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इस दौरान वहां तीन मास्टर चाबी भी मिलीं। दूकानदारों का कहना है कि हमारी दूकानें सुरक्षित नहीं रहीं। चोरों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।
पुलिस की शिथिलता से चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने कहा कि यदि चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश हो तो मामले कम हों, लेकिन पुलिस किसी भी चोरी का खुलासा करने में सफल नहीं हो पा रही है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के अंदर पुलिस चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो वे चौराहे पर चक्काजाम करने को मजबूर होंगे।