ज्ञानपुर। बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई है। सुबह से शाम तक ट्रिपिंग ने लोगों को परेशान कर रखा है। हाल यह है कि 24 घंटे में 18 बार ट्रिपिंग हुई। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में छह से सात घंटे तक की हो रही कटौती से लोगों का हाल खराब रही।
कई गांवों में जले ट्रांसफाॅर्मर न बदले जाने से दिक्कत हुई। शहर से गांव तक अघोषित कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गर्मी बढ़ते ही बिजली निगम की तैयारियों का दावा फुस्स हो गया है। शहरों में जहां ट्रिपिंग देखने को मिल रही है।
वहीं, गांवों में ओवरलोड, ट्रिपिंग, कटौती के साथ जले ट्रासंफाॅर्मर को न बदले जाने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज धूप में घर के बाहर तो कठिनाइयां है ही बिजली कटौती ने दोहरी परेशानी खड़ी कर दी है। औराई फीडर पर सुबह 7 से 8 और दोपहर दो से चार बजे तक कटौती हो रही है। वहीं, ईस्ट फीडर, नॉर्थ फीडर और महथुआं फीडर के साथ घोसियां फीडर पर ओवरलोड से ट्रिपिंग की समस्या देखने को मिल रही है।
सुरियावां नगर के चौक क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या कई दिनों से बनी है। चौरी विद्युत उपकेंद्र के तीन फीडर से 80 गांवों में आपूर्ति हो रही है। हर दिन शाम को दो से तीन घंटे की कटौती हो रही है। दुर्गागंज के 70 से 80 गांवों में लगातार लो वोल्टेज आ रहा है।