औराई के गिर्दबड़गांव पीएचसी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का निरीक्षण करतीं सीएमओ डॉ. लक्ष्मी ?
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। जिले के 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें महिला, पुरुष और बच्चे समेत कुल 1560 मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टॉफ की टीम ने जांच कर दवाएं दी। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने औराई के गिर्दबड़गांव पीएचसी का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिया।
ग्रामीण अंचलों में घर के समीप लोगों को चिकित्सकीय सुविधा मिले इसलिए मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। कोरोना वायरस के कारण आठ माह तक मेला स्थगित रहा, जिसे गत रविवार से शुरू किया गया। रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महजूदा, कटरा, सरोई सहित 17 अन्य केंद्रों पर मरीजों की जांच कर दवा दी गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मेले में 556 पुरुष, 757 महिला और 247 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 30 मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इस दौरान 136 लोगों का गोल्डेन कार्ड बना। मेले को सफल बनाने में 43 चिकित्सक, 10 आयुष चिकित्सक और 248 पैरामेडिकल स्टॉफ की टीम लगी रही।
लालानगर संवाददाता के अनुसार, औराई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डेरवां, लालानगर और गिर्द बड़गांव में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। मेले बड़ी संख्या मे पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की गई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शिवचंद गुप्त की देखरेख में डेरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में शाम तक 115 लोगों का उपचार किया गया। इस मौके पर भगवती प्रसाद बिंद, प्रवीण कुमार, सुभाष चंद्र, महेश प्रसाद, अनीता जायसवाल, सुधा मिश्रा, शारदा प्रसाद आदि रहे। मोढ़ संवाददाता के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करियावं में आयोजित मेले में 85 मरीज देखे गए। इस मौके पर चिकित्सा प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. अनुपमा कश्यप, डॉ. ज्योति पांडेय, फार्मासिस्ट पंकज कुमार पटेल, फजलुर रहमान, अनीता मौर्या, सुनील गुप्ता आदि रहे।