गोपीगंज के मिर्जापुर रोड पर ट्रांसफार्मर ठीक करते कर्मचारी। संवाद
गोपीगंज। नगर के मिर्जापुर रोड स्थित गणेश मंदिर के पास लगा 450 केवीए के ट्रांसफाॅर्मर की खूंटी बृहस्पतिवार की आधी रात को जल गई। इससे बड़े शिव मोहल्ला, मिर्जापुर रोड और काली देवी मोहाल में 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। गर्मी और उमस से करीब चार हजार की आबादी प्रभावित हुई। शुक्रवार सुबह पेयजल के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। दोपहर बाद आपूर्ति सामान्य होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
मिर्जापुर रोड पर 450 केवीए के दो ट्रांसफाॅर्मर लगाए गए हैं। इससे छह मोहल्लों में बिजली आपूर्ति होती है। बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे अचानक ट्रांसफाॅर्मर की खूंटी जल गई। इससे तीन मोहल्लों में आपूर्ति ठप हो गई। नागरिकों की सूचना के बाद भी रात में कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा। जिससे पूरी रात लोग उमस और गर्मी से परेशान हुए। बिजली न रहने से सुबह टंकियों से पानी की आपूर्ति भी घरों में नहीं हो सकी।
इससे लोग हैंडपंप एवं निजी सबमर्सिबल से जरूरी कार्यों को निपटाया। सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक कर्मचारी कमी को सही करने में लगे। करीब 12 घंटे बाद दोपहर 12 बजे के बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी। कर्मचारी विश्राम मौर्य ने बताया कि खूंटी जलने से जंफर में दिक्कत हो गई थी।
जिससे आपूर्ति बाधित रही। भाजपा नेता बिंदेश गुप्ता और प्रज्ज्वल बरनवाल ने आरोप लगाया कि रात में अधिकारियों का फोन या तो नहीं उठता या बंद रहता है। अधिशासी अभियंता ज्ञानपुर आरके मौर्य ने बताया कि तकनीकी खराबी से आपूर्ति बाधित रही। उसे सही करा दिया गया है। संवाद