गोपीगंज। प्रयागराज से मऊ जंक्शन जा रही डेमू ट्रेन का ब्रेक शनिवार को ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर जाम हो गया। इससे ट्रेन तकरीबन एक घंटे तक ट्रेन स्टेशन पर रुकी रही। हालांकि स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन के खड़े होने के कारण अन्य ट्रेनों का परिचालन बाधित नहीं हुआ। लूप लाइन से गाड़ियां निकलती रहीं।
डीएमयू प्रतिदिन की तरह इलाहाबाद सिटी से मऊ जंक्शन की ओर अपने निर्धारित समय 7.30 बजे ट्रेन ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर पहुंची थी। स्टेशन से आगे बढ़ने का सिग्नल मिलते ही चालक ने आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन ब्रेक जाम होने के कारण गाड़ी नहीं चल सकी। ट्रेन में सवार यात्रियों को ब्रेक जाम होने की जानकारी मिलने पर वे परेशान हो गए। चालक दल ने ब्रेक जाम होने की जानकारी स्टेशन पर देकर खराबी को दूर करने का प्रयास शुरू किया। एक घंटे बाद ब्रेक में आई तकनीकी खराबी को दूर किया जा सका। इसके बाद गाड़ी को चलाया गया। स्टेशन मास्टर अशोक वर्मा ने कहा कि ब्रेक जाम होने की वजह से ट्रेन एक घंटे तक विलंबित हुई। हालांकि इससे अन्य ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। उन्हें मेन लाइन और लूप लाइन से रवाना किया जाता रहा।