मिर्जापुर के मिश्रपुर को जिले से जोड़ने के लिए सीतामढ़ी, रामपुर और प्रयागराज के मांडा क्षेत्र को जोड़ने के लिए धनतुलसी में बनाए गए गंगा नदी के पीपा पुल से इस सीजन में अब आवागमन नहीं होगा। बृहस्पतिवार से यहां स्टीमर और बड़ी नाव का संचालन किया जाएगा। चार पहिया वाहनों के आवागमन पर लोक निर्माण विभाग ने 10 जून को ही रोक लगा दिया था।
रामपुर और धनतुलसी गंगा घाट पर लोक निर्माण प्रखंड भदोही, सीतामढ़ी घाट पर मिर्जापुर प्रखंड की ओर से पीपा पुल का निर्माण कराया गया था। इसी पुल से एक-दूसरे जिले के लोगों का आवागमन होता था। हर साल लोक निर्माण विभाग अक्तूबर के महीने में पीपा पुल का निर्माण कराता है। 15 जून के पहले उसे खत्म कर दिया जाता है। एक्सईएन लोक निर्माण विभाग एसबी राव ने कहा कि प्रखंड वार बने पीपा पुल पर आवागमन बंद कर नि:शुल्क नाव, स्टीमर चलवायी जाएगी। संचालन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।