ऊंज। वाराणसी-प्रयारागज हाइवे के सूफीनगर के पास बृहस्पतिवार को हाइवे किनारे खड़े कंटेनर में टूरिस्ट बस पीछे से टकरा गई। जिसमें बिहार से लौट रहे तेलंगाना के 14 पर्यटक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल छह पर्यटकों को वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं अन्य घायलों काे भी ट्राॅमा सेंटर भेजवाया गया।
तेलंगाना से यात्रियों को लेकर एक टूरिस्ट बस बिहार गई हुई थी। बृहस्पतिवार की अल सुबह करीब पांच बजे वह वाराणसी-प्रयागराज हाइवे से होकर प्रयागराज जा रही थी। बताया जा रहा है कि सूफीनगर पहुंचने पर टूरिस्ट बस के चालक को अचानक झपकी आ गई। जिससे बस अनियंत्रित हो गई और हाइवे पर किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। आसपास के लोगों ने बताया कि ट्रक चालक हाइवे किनारे ट्रक को खड़ाकर चाय पीने गया था। टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई। घटना में चालक एसके साइमन (30) समेत शोकमन आचार्य (45), प्रसन्ना (38), श्रीकर (16), श्रीहित (11), साईकृष्णा (24), शोभा (60), नरसिम्हा चारी (38), विष्णु आचार्य (20), पद्मा (36), कमला (60), अभिराम चारी (11), गिरिश्मा (18) और रघुराम चारी (9) सभी निवासी निजामाबाद, तेलंगाना घायल हो गए। इसमें चालक एसके साइमन, प्रसन्ना, श्रीकर, साईकृष्णा, शोभा और विष्णु आचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया गया। इसके अलावा मामूली रूप से घायल अन्य पर्यटकों को भी ट्राॅमा सेंटर भेजवाया गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हाइवे किनारे खड़े वाहन को कब्जे में ले लिया।