दिव्य और भव्य महाकुंभ के कारण जिले के टोल प्लाजा की कमाई दो गुनी तक हो गई है। टोल के आंकड़ों के माने तो बीते एक माह में वाराणसी-प्रयागराज हाईवे से कुल पांच लाख 42 हजार 68 वाहन गुजरे। जिसमें 90 फीसदी चार पहिया वाहन प्रयागराज गए। सामान्य महीनों में औसतन 3 लाख 60 हजार वाहन ही गुजरते हैं।
महाकुंभ के दौरान हाईवे से बड़े वाहनों में ट्रकों का संचालन नाम मात्र रहा, लेकिन बड़ी बसें खुब गई। महाकुंभ से गए वाहनों से टोल प्लाजा को अनुमानत: 15 करोड़ की कमाई हुई। सबसे अधिक एकादशी स्नान के दौरान शनिवार को 68 हजार वाहन हाईवे से गुजरे। इस दिन टोल को एक दिन में एक करोड़ रुपये कमाई की।
प्रयागराज संगम तट पर आयोजित महाकुंभ का वैभव देश से लेकर विदेश तक देखने को मिल रहा है। महाकुंभ के दौरान संगम में स्नान को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का हुजूम प्रयागराज जा रहा है।
प्रयागराज का सबसे नजदीकी जिला होने और वाराणसी-प्रयागराज जैसे सिक्सलेन के हाईवे के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु भदोही की सीमा से होकर प्रयागराज संगम तट तक पहुंचे।
हाईवे से आम दिनों में औसतन हर दिन 12 हजार छोटे-बड़े वाहन होते हैं। जिसमें बड़े वाहनों की संख्या 70 फीसदी तक होती है। हालांकि जब से महाकुंभ का उत्सव शुरू है, तब से इस रूट पर बड़े वाहन कम हुए हैं, लेकिन छोटे वाहनों की खूब कतारें दिख रही हैं। महाकुंभ शुरू होने के साथ ही हाईवे पर वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ है।
हालांकि शुरू में वाहनों की संख्या कुछ कम रही। टोल के आंकड़ों के अनुसार 13 जनवरी से 20 जनवरी तक आवागमन सामान्य रहा और औसतन 12 हजार वाहन ही हाईवे से गुजरे। 21 जनवरी के बाद अचानक वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ।
21 जनवरी से पांच फरवरी के बीच औसतन हर दिन 18 हजार वाहन हाईवे से होकर गुजरे। मौनी अमावस्या स्नान के दौरान करीब 70 हजार वाहन गए। इसके बाद वाहनों में कमी आई, लेकिन सात फरवरी से अचानक एक बार फिर वाहनों का आवागमन तेज हुआ और नौ फरवरी तक 35 से 40 हजार वाहनों का अप और डाउन हुआ।
10 फरवरी को हाईवे से रिकॉर्ड 68 हजार वाहन गुजरे। हाईवे पर चार पहिया वाहनों का शुल्क 230, बस का 770, ट्रक का 780 और बड़े ट्रेलर से 840 रुपये से 1210 रुपये टोल शुल्क निर्धारित है।