भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के रिक्त हुए पांच प्रशासनिक सदस्य पदों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि सोमवार को है। पांचों पदों के लिए कौन-कौन नामांकन करेगा इसकी जानकारी कल शाम तक हो सकेगी। 18 सदस्यीय प्रशासनिक समिति के सदस्य वाले सीईपीसी में गत अक्तूबर में 5 सदस्य रिटायर हुए थे जिसे भरने के लिए सीईपीसी ने चुनाव की अधिसूचना जारी की थी।
आगामी 10 दिसंबर से लेकर 18 दिसंबर तक इलेक्ट्रॉनिक मतदान होगा। इसके बाद 18 दिसंबर को परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। अधिसूचना के अनुसार चुनाव के लिए नामांकन करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर निर्धारित है। स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगा। भदोही कालीन परिक्षेत्र में निर्यातक मतदाताओं में नामांकन करने वालों को लेकर कौतूहल अभी भी बना हुआ है।
परिषद के चुनाव समिति के सदस्य एकमा अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता मुन्ना ने बताया कि पांच सीटों के लिए कौन-कौन नामांकन करेगा इसकी जानकारी कल शाम तक हो पाएगी। जानकारी हो कि उत्तर प्रदेश के हुसैन जाफर हुसैनी, रवि पाटोदिया कश्मीर से कुलदीप राज वाटल और मेहराज यासीन जन तथा शेष भारत के बोधराज मल्होत्रा पद से रिटायर हुए थे। ये पांच सीट भरने के लिए भारत सरकार के निर्देश पर सीटें अलग-अलग ढंग से आरक्षित की गई हैं जिसमें एक सीट उप्र के लिए, एक स्टार हाउस या ट्रेडिंग हाउस के लिए, एक महिला उद्यमी के लिए, एक युवा उद्यमी के लिए तथा एक पूर्वोत्तर राज्य अथवा पहाड़ी क्षेत्र के प्रतिनिधि के लिए है।