शनिवार को जिले की सरकारी और गैरसरकारी इमारतों के अलावा विभिन्न
प्रतिष्ठानों पर तिरंगा पूरी के साथ फहरेगा।
राष्ट्रीय महापर्व की पूर्व
संध्या पर स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया।
कालीन
नगरी में जश्न-ए-आजादी की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को गजब का उत्साह
रहा। गली-नुक्कड़ और नगर की दूकानों पर तिरंगा झंडा और स्वतंत्रता दिवस के
सामान की बिक्री की धूम मची रही।
बच्चे और युवा तिरंगा, बैज, टोपी आदि
सामान खरीदने के लिए देर शाम तक दूकानों पर जुटे रहे।
उधर जिला प्रशासन
ने भी तैयारियों को पूरा कर लिया है। पिछले दिनों जिला प्रशासन की बैठक
में इमारतों पर सुबह आठ बजे ध्वजारोहण और राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण और अन्य कार्यक्रमों की जिम्मेदारी
अधिकारियों को दे दी गई है।
स्कूल-कॉलेजों में भी स्वतंत्रता दिवस के आयोजन
किए जाएंगे। ज्ञानपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से सुबह छह बजे
प्रभातफेरी निकाली जाएगी।
सुबह सात बजे पाली बाजार से जिलाधिकारी कार्यालय
तक क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जिला क्रीड़ा
अधिकारी की ओर से किया जाएगा। आठ बजे जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण
करेंगे। आठ बजकर 20 मिनट पर क्रॉस कंट्री रेस के विजेताओं को जिलाधिकारी
पुरस्कार वितरण करेंगे। साढ़े आठ बजे जिलाधिकारी के हाथों जिला मुख्यालय पर
पौधरोपण किया जाएगा। आठ बजकर 40 मिनट पर दी सेंट्रल बार एसोसिएशन
कलेक्ट्रेट पर जिलाधिकारी के हाथों ध्वजारोहण किया जाएगा। नौ बजकर 10 मिनट
पर वीएनजीआईसी से ज्ञान सरोवर तक मानव श्रृंखला निकाली जाएगी। साढ़े नौ बजे
ज्ञानपुर के गांधी उद्यान में डीएम और एसपी के हाथों पौधरोपण होगा। दस बजे
जिला चिकित्सालय में फल वितरण और साढ़े दस बजे कारागार में कैदियों को फल
वितरण किया जाएगा। 11 बजकर 15 मिनट पर सभी एसडीएम, तहसीलदार और विभागीय
अधिकारी तहसील और संबंधित कार्यालय परिसरों में पौधरोपण करेंगे। साढ़े 11
बजे केएनपीजी में जिला विद्यालय निरीक्षक पौधरोपण करेंगे। पौने 12 बजे
डीआईओएस छात्रावास परिसर में पौधरोपण करेंगे। शाम पांच बजे से सात बजे तक
डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया
जाएगा। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विद्यालयों में खेलकूद,
वाद-विवाद प्रतियोगिता और अन्य कार्यक्रम डीआईओएस और बीएसए की देखरेख में
कराए जाएंगे। नाटक, विचार गोष्ठी, खेलकूद आदि कार्यक्रम के आयोजन का
निर्देश तहसील और ब्लाक स्तर पर भी दिए गए हैं।