काशी-प्रयाग के मध्य स्थित सेमराधनाथ धाम में माह पर्यंत तक चलने वाले कल्पवास मेले का बृहस्पतिवार को गंगा पूजन के साथ श्रीगणेश हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बाद जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडेय ने गंगा पूजन, आरती कर मेले का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर पांडेय ने मेला आयोजन समिति के पदाधिकारियों से वार्ता कर कहा कि एक माह तक चलने वाला मेला पूर्व की तरह परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। स्नानार्थियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी प्रशासन नहीं होने देगा। प्रशासनिक स्तर से मेले में तय समय तक सारी व्यवस्था सही करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कल्पवासियों के ठहरने की व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने संबंधित अफसरों को निर्देशित किया कि कल्पवासियों के लिए सभी सुविधाएं निर्धारित समय तक पूर्ण कर लें अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मेले के शुभारंभ के दौरान केशव कृपाल महाराज ने पूजन अर्चन कराया।
इस मौके पर रामबली सिंह, महाबीर यादव, दिनेश चंद्र पांडेय, बालेश्वर पांडे, राजेंद्र प्रसाद, पंचम सिंह के अलावा एसडीएम ज्ञानपुर परवेज अहमद, क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर जितेंद्र दूबे सहित कई लोग मौजूद रहे।