इसको लेकर वकील कई दिनों से कार्य बहिष्कार किए हुए थे। वकीलों का कहना था कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपर जिलाधिकारी पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए और नारेबाजी की।
भदोही बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्य प्रसाद द्विवेदी की अगुवाई में दर्जनों अधिवक्ता मंगलवार को तहसील में पुतला लेकर पहले घूमे। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। कहा गया कि जब तक सब रजिस्ट्रार का स्थानांतरण नहीं हो जाता, आंदोलन चलता रहेगा।
अध्यक्ष ने कहा कि रजिस्ट्रार कार्यालय में खुलेआम रिश्वतखोरी हो रही है। जो सुविधा शुल्क देने में असमर्थ है, उसके कार्य में अड़ंगा लगाकर लौटा दिया जाता है। इसकी शिकायत एडीएम से की गई, लेकिन उन्होंने भी सुधि नहीं ली। आरोप लगाया कि इससे साफ है कि वरिष्ठ अधिकारी भी भ्रष्टाचार मे शामिल हैं।
चेतावनी दी कि यदि सब रजिस्ट्रार का स्थानांतरण नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पुतला दहन में लालधर पांडेय, नंदलाल राय, राकेश सिंह, विमल राय, प्रशांत तिवारी, बरसाती लाल राय, अरविंद शुक्ला, महेंद्र नाथ बिंद, जयनाथ बिंद, नन्हेलाल सरोज, अशोक कुमार दुबे, ओम प्रकाश दूबे आदि शामिल रहे।