गत शनिवार को छात्रों के दो गुट में हुए संघर्ष के बाद काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार से स्नातकोत्तर की काउंसलिंग कड़ी सुरक्षा के बीच होगी। सुरक्षा के लिए चिंतित कॉलेज प्रशासन ने जिला प्रशासन से बात कर सुरक्षा की मांग की है। जिला एवं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए प्राचार्य को आश्वासन दिया है। बुधवार को कॉलेज प्रशासन की ओर से कला, विज्ञान संकाय में सामान्य वर्ग की रिक्त सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा।
बुधवार को आरक्षित वर्ग के आवेदकों के प्रवेश के लिए भी मेरिट जारी होने की संभावना है। वैसे भी सामान्य वर्ग की रिक्त सीटों पर छात्रनेता अपनों को प्रवेश दिलाने के लिए सक्रिय हैं। अपनी मांगाें को लेकर छात्रों का स्टैंड और मेरिट से प्रवेश के लिए कॉलेज प्रशासन के रवैये से अशांति की आशंका बनी हुई है। शनिवार को छात्रों का हंगामा और वर्चस्व को लेकर मारपीट ने प्राध्यापकों और नव प्रवेशी छात्रों को भयभीत कर दिया है। ऐसे में बिना टाइट सुरक्षा व्यवस्था प्रवेश और पठन-पाठन संभव नहीं है। क्योंकि मारपीट में एक गुट के छात्रों की तादाद कम थी। ऐसे में दूसरा गुट भारी पड़ गया था। इसलिए चौकसी न रहने पर कॉलेज कैंपस में फिर से टकराव होने की संभावना बनी हुई है। प्राचार्य डॉ. ललित मोहन जोशी ने बताया कि छात्रों के हंगामा और आपस में मारपीट करने से कालेज में शांति व्यवस्था के लिए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से वार्ता हो गई है। बुधवार को सामान्य वर्ग के रिक्त सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। जबकि इसके बाद आरक्षित वर्ग के छात्रों का प्रवेश होगा।