ज्ञानपुर। महाशिवरात्रि पर सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। हरिहरनाथ मंदिर, सेमराधनाथ, तिलेश्वरनाथ, बड़ेशिव समेत अन्य प्रमुख शिवालयों पर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। अपर पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुुमार ने कहा कि ड्रोन और सीसीटीवी से भी सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी। सेमराधनाथ मंदिर दुर्गागंज के बूढ़ेनाथ शेरपुर शिवमंदिर, दुर्गागंज, ज्ञानपुर के बाबा हरिहरनाथ, बाबा तिलेश्वरनाथ, हरिहरधाम कुंनौरा आदि शिवालयों पर दर्शन पूजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कई शिवालयों से शिव बरात भी निकाली जाएंगी। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर मंदिरों में दर्शन पूजन के दौरान लोगों से मास्क व सोशल डिस्टेंशिंग का पालन करने की अपील की जा रही है । इस दौरान ज्यादातर मंदिरों में लोगों को दर्शन के दौरान मास्क लगाने के लिए कहा जा रहा है।
हरिहर नाथ मंदिर में सुबह चार बजे से शुरू होगा दर्शन पूजन
इस संबंध में हरिहर नाथ मंदिर के पुजारी पंडित जटाशंकर मिश्रा ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर भांग धतूरा और दुग्ध से बाबा हरिहर नाथ का अभिषेक किया जाएगा। सुबह चार बजे से बाबा का जलाभिषेक जलाभिषेक शुरू होगा। वहीं पुरानी बाजार में स्थित नागेश्वर मंदिर से रात आठ बजे शिव बरात निकाली जाएगी जो नगर भ्रमण करते हुए हरिहर नाथ मंदिर पर जाकर समाप्त होगी। गोपीगंज में स्थित बाबा बड़े शिव मंदिर परिसर में भी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। बाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति के रामकृष्ण खट्टू ने बताया कि पहली पूजा के साथ पांच विशेष पूजा और 56 भोग बाबा को चढ़ाया जाएगा। बताया कि महाशिवरात्रि के दिन शाम सात बजे से विशेष आरती शुरू होगी जो सुबह आठ बजे तक चलती रहेगी । इसके अलावा शाम पांच बजे मंदिर से शिव बरात भी निकाली जाएगी जो पूरे नगर में भ्रमण कर पन: बड़े शिव मंदिर पर आकर समाप्त हो जाएगी। इसी क्रम में बरजी कला गांव स्थित प्राचीन गंगेश्वर महादेव मंदिर में भी शिवरात्रि पर्व पर विशेष पूजा अर्चन होगा।
इस संबंध में मंदिर के पुजारी कमला शंकर उपाध्याय ने बताया कि प्राचीन शिवलिंग दिन भर में सात बार रंग बदलता है और यहां दर्शन करने वाले लोगों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। नव युवक मंगल दल घोसिया की ओर से बृहस्पतिवार को शिव बरात निकाली जाएगी। इसमें लाग विमान और झांकियां भी शामिल रहेंगी। खमरिया संवाददाता के अनुसार, नगर में महाशिवरात्रि पर शिव बरात निकाली जाएगी। सुरियावां संवाददाता के अनुसार, नगर में सोमवार को शिव बरात एवं झांकी निकाली जाएगी। कई स्थानों पर भजन संध्या का भी आयोजन किया गया है।