जिलाधिकारी विशाल सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर बैठक हुई। इसमें डीएम ने 24 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता पर जोर दिया। बताया कि तीन जोनल, 12 सेक्टर और 94 स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा की निगरानी करेंगे।
जिलाधिकारी ने जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि वे तहसीलवार सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर रणनीति बना लें। सभी मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी है कि वह परीक्षा को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से कराएं। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट में 26 हजार 912 और हाईस्कूल में 28 हजार 295 समेत कुल 55 हजार 207 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
डीएम ने बताया कि परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लगाई गई है। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के बारे में केंद्र व्यवस्थापकों को जानकारी दी। कहा कि परीक्षा में कोई गड़बड़ी होगी तो केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे।
इस मौके पर एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह, एसडीएम अरुण गिरी, बरखा सिंह, श्याममणि त्रिपाठी आदि रहे।