सीतामढ़ी। डीघ ब्लॉक के कोनिया क्षेत्र के लखनपुर-भदराव गांव की दलित बस्ती के सैकड़ों परिवारों को आवागमन के लिए पक्की सड़क तक नहीं है। जिससे बस्ती के लोग परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अनभिज्ञ बने बैठे हैं। बस्ती में चार पहिया वाहन पहुंचने के लिए दिक्कतें होती हैं। यहां रास्ते पर ही हाईटेंशन तार का खंभा लगा है। प्रधान के आश्वासन पर ग्रामीणों ने तीन साल गुजार दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि साल 2022 में ग्राम प्रधान ने गांव की चकरोड पर मनरेगा से मिट्टी तो डलवा दिया, लेकिन खड़ंजा नहीं कराया। खास बात यह है कि इस रास्ते के बीचों-बीच 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के छह पोल गड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान ने भी पोल हटवाने के लिए सिर्फ आश्वासन देते रहते हैं।
इंतजार में तीन साल गुजर गए लेकिन रास्ता से बिजली का पोल नहीं हट सका है।
गांव के जय प्रकाश, जय शंकर, सुजीत, फूलकली, सोझयी गुप्ता, चंद्र प्रकाश, महेंद्र, फुलगेन, अमन आदि ने जिलाधिकारी एवं विद्युत विभाग से मांग की है कि रास्ता के बीच में गड़े विद्युत पोलों को किनारे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। अवर अभियंता सीतामढ़ी मुकेश साहनी ने कहा कि एक सप्ताह पहले आया हूं। निरीक्षण कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद