स्कूल में पढ़ाने की बजाए नदारद रहने वाले तीन बेसिक शिक्षकों पर बृहस्पतिवार को कार्रवाई की गाज गिर गई। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलने पर बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव ने हेडमास्टर समेत तीन अध्यापकों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। इस कार्रवाई से विद्यालय के शिक्षकों में खलबली मच गई।
बीएसए ने बृहस्पतिवार को पूर्व माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालय नंदापुर, प्राथमिक विद्यालय मोढ़, प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय सियरहां का निरीक्षण किया। बीएसए सबसे पहले पूर्व माध्यमिक विद्यालय नंदापुर पहुंचे। वहां हेड मास्टर माता प्रसाद श्रीवास्तव, सहायक अध्यापिका राजेश्वरी और सहायक अध्यापक चंद्रभूषण अनुपस्थित मिले। इस पर बीएसए ने तीनों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। प्राथमिक विद्यालय नंदापुर में बीएसए ने सहायक अध्यापिका सुशीला को देर से स्कूल पहुंचने के लिए चेतावदी दी। कहा कि आगे से ऐसा हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद वह प्राथमिक विद्यालय मोढ़ बाजार, सियरहां प्रथम और पूर्व माध्यमिक विद्यालय सियरहां द्वितीय पहुंचे। इन विद्यालयों पर बीएसए ने बच्चों की उपस्थिति, साफ-सफाई और एमडीएम के बारे में जानकारी ली।