भदोही। नगर के महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल परिसर में बने एल-टू कोविड हास्पिटल में सोमवार को तीन मरीजों की मौत हो गई। तीनों मरीज औराई, ज्ञानपुर और सुरियावां ब्लाक के रहने वाले हैं। इसकी जानकारी होते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमें में हड़कंप मचा गया।
कोविड के गंभीर मरीजों को भर्ती करने के लिए एमबीएस अस्पताल में के 100 शैय्या महिला अस्पताल को एल-टू कोविड अस्पताल में तब्दील कर दिया गया है। यहां फिलहाल डेढ़ दर्जन मरीज आईसोलेट हैं जिनका उपचार हो रहा है। सोमवार की शाम को इस अस्पताल में सात मरीजों की मौत की खबर वायरल होते ही जिले में खलबली मच गई। हास्पिटल प्रभारी सीएचसी चौरी रोड के अधीक्षक डा.वीके सिंह ने साफ किया कि अलग-अलग समय पर सोमवार को तीन मरीज औराई, ज्ञानपुर और सुरियावां से कोविड पाजिटिव मरीज लाए गए थे। जिनकी मौत हो गई।
प्रभारी ने बताया कि एल-2 कोविड हास्पिटल गंभीर मरीजों के लिए बनाया गया है। तीन मरीजों को सोमवार को लाया गया तो उनकी हालत पहले से ज्यादा गंभीर थी। एक-एक कर तीनों की मौत हो गई। उधर तीन मरीजों की मौत की सूचना से जिले में खलबली मच गई। पहले से ही बढ़ रही मरीजों की संख्या को देखते हुए लोगों में भी घबराहट बढ़ गई। अधीक्षक ने कहा कि प्रारंभिक लक्षण मिलने पर जांच कराकर उपचार शुरू कर देने से जान बचाई जा सकती है। कहा कि कोविड के लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक साबित हो सकता है। बताया कि एलटू कोविड हास्पिटल में केंद्रीय व राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा तय मानकों के अनुसार मरीजों को खानपान और दवाएं दी जा रही हैं।