ज्ञानपुर। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर दूसरे दिन भी सर्वर डाउन होने के कारण राशन का वितरण जरूरत के हिसाब से नहीं हो सका। कहीं राशन में कटौती तो कहीं सर्वर को लेकर कार्डधारक परेशान रहे। पूर्ति विभाग ई-पाश मशीनों को चलाने में असमर्थता जताता रहा।
पूर्ति अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने शुक्रवार को डीघ ब्लॉक में औचक निरीक्षण किया तो नोडल अधिकारी अरता, मरसड़ा और शिवसेवकपट्टी अनुपस्थित मिले। जिनके खिलाफ आपूर्ति निरीक्षक डीघ ने बीएसए को कार्रवाई के लिए संस्तुति पत्र भी भेजा है। कोरोना वायरस की महामारी को रोकने के लिए चल रहे लॉकडाउन में अंत्योदय कार्डधारक, मनरेगा और श्रम विभाग में पंजीकृत मजदूरों को नि:शुल्क राशन के साथ ही पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को निर्धारित मूल्य दर पर राशन देने का प्राविधान जिलापूर्ति विभाग एक मई से वितरण कराने का दंभ तो भर लिया लेकिन नेटवर्किंग व्यवस्था बेपटरी हो जाने से सारी तैयारी बेपटरी होकर विभागीय कार्यप्रणाली की हकीकत एक ही दिन में सामने लाकर रख दिया।
जनपद में एक साथ चलीं 744 ईपास मशीनों के हालात यह रहे कि कहीं कुछ मात्रा में वितरण करा सकीं तो कहीं बोहनी तक हो पाना असंभव बना रहा। शनिवार को ऊंज-मुंगरहा के दुकानदार रामकृष्ण सिंह, दरवांसी के उमाशंकर गुप्ता, रजमला के उमाशंकर यादव ने कहा कि सर्वर डाउन होने के चलते ईपास मशीन काफी धीमी गति से चल रही हैं, जिससे अधिक संख्या में कार्डधारकों को वितरण कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
डीएसओ अमित कुमार तिवारी ने कहा कि यह समस्या किसी एक जनपद की नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की है। जैसे-जैसे लोड कम होगा वैसे-वैसे मशीनें भी रफ्तार पकड़ती रहेंगी। 12 मई तक वितरण का समय सुनिश्चित है। सभी कार्डधारक लाभान्वित हो जाएंगे।