भदोही। जनपद के तीन प्रमुख कालीन निर्यातकों को वर्ष 2022-23 के राज्य निर्यात पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान उन्हें चार जनवरी को लखनऊ के योजना भवन में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा। जिला उद्योग विभाग से तीनों निर्यातकों को इसकी जानकारी मिली।
सहायक आयुक्त (उद्योग) उमेश कुमार वर्मा ने बताया कि उप्र निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो की ओर से निर्यात परक इकाइयों के उत्साहवर्धन के लिए हर वर्ष यह सम्मान दिया जाता है। बताया कि संयुक्त निर्यात आयुक्त पवन अग्रवाल ने इस आशय का पत्र भेजा है। जिसमें आर्ट पैलेस एक्सपोर्ट प्रा. लि, अंसारी फ्लोर रग्स और परवेज कार्पेट के नाम शामिल हैं। तीनो फर्में भदोही शहर की हैं। इन सभी निर्यातकों को सूचना भी दे दी गई है। सहायक आयुक्त ने यह भी बताया कि सम्मान ग्रहण करने के लिए इफ्तेखार अहमद, एजाज अंसारी और परवेज अंसारी लखनऊ जाएंगे। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद सीईपीसी के प्रशासनिक सदस्य इम्तियाज अंसारी ने कहा कि निर्यातकों ने एक बार फिर से भदोही को गौरवान्वित किया है।